Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 मई । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अधिकारी की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए एक ज्ञापन सौंपा है। संघ का आरोप है कि 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए परिषदीय शिक्षकों को अब तक उनके जीपीएफ (GPF) का भुगतान नहीं मिला है और न ही उनकी पेंशन का निर्धारण किया गया है। इस मुद्दे को लेकर शिक्षक भवनरमनपुर में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और शिक्षकों ने विभाग की उदासीनता पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। शिक्षकों का कहना है कि सेवानिवृत्ति के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी देयकों का भुगतान न होना उनके अधिकारों का हनन है।

संगठन ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए वित्त एवं लेखा अधिकारी को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सेवानिवृत्त शिक्षकों के जीपीएफ का भुगतान और पेंशन पत्रावलियों का निस्तारण नहीं किया जाता, तो संगठन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया कि यदि आंदोलन के कारण जनगणना कार्य प्रभावित होता है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी। ज्ञापन सौंपने और बैठक के दौरान मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाठक, संयुक्त मंत्री वीरेंद्र कुमार सिंह और जिला महामंत्री विजय वीर सिंह सहित अन्य शिक्षक नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page