
सासनी 04 मई । उम्मीद कभी नहीं मरती – इस बात को हाथरस की सासनी पुलिस ने सच कर दिखाया है। करीब दो वर्षों से लापता एक 13 वर्षीय बालक को पुलिस ने अपनी मेहनत और दृढ़ निश्चय के बल पर कानपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बेटे को सामने पाकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने हाथरस पुलिस का भूरि-भूरि आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2024 को थाना सासनी के गांव नाई का नगला निवासी अतर सिंह का पुत्र शिवम उर्फ शिवा (उम्र 13 वर्ष) घर से बिना बताए कहीं चला गया था। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला, तो 11 जुलाई 2024 को थाना सासनी में गुमशुदगी (BNS की धारा 137(2)) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सासनी ने बालक की खोज के लिए व्यापक अभियान चलाया। पुलिस ने न केवल सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों का सहारा लिया, बल्कि जगह-जगह पम्पलेट चस्पा किए और पुलिस टीमों को अलग-अलग जनपदों में भेजा। हार न मानते हुए पुलिस हर छोटे-बड़े सुराग पर काम करती रही। 4 मई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुमशुदा बालक कानपुर में कबाड़ इकट्ठा कर अपना जीवन यापन कर रहा है। सूचना मिलते ही सासनी पुलिस की टीम तत्काल कानपुर के लिए रवाना हुई और कड़ी मशक्कत के बाद शिवम उर्फ शिवा को सकुशल बरामद कर लिया। थाना लाकर बालक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। परिजनों ने हाथरस पुलिस की इस कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस के प्रयासों के कारण ही आज उनका घर फिर से रोशन हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने भी सासनी पुलिस की इस सफलता पर खुशी जाहिर की है।
























