
हाथरस/दिल्ली 03 मई । केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा अपने विद्यालयों के शिक्षकों की अध्यापन गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सीबीएसई के दिल्ली स्थित ‘उत्कृष्टता केंद्र’ (COE) द्वारा जीवन कौशल (Life Skills) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित जी.एच. पब्लिक स्कूल में आयोजित इस कार्यशाला में हाथरस जनपद के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद एवं प्रिंसिपल विक्रम सिंह को बोर्ड द्वारा रिसोर्स पर्सन के रूप में नियुक्त किया गया था। प्रिंसिपल विक्रम सिंह ने बोर्ड के निर्धारित मानकों के अनुसार शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। कार्यशाला को प्रभावी बनाने के लिए कंप्यूटर स्लाइड्स (PPT), ऑडियो और वीडियो क्लिप्स का सहारा लिया गया, जिससे विषय शिक्षकों के लिए अत्यंत रुचिकर बन गया।
कार्यशाला को तीन उप-विषयों में विभाजित कर विस्तार से समझाया गया। जीवन कौशल के प्रकारों और दैनिक जीवन में उनकी उपयोगिता पर विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षकों को बताया गया कि वे छात्रों में निर्णय लेने की क्षमता, उच्च स्तरीय सोच (HOTS) और समस्याओं का समाधान खोजने की कला को कैसे विकसित करें। छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को समझने और उनके तनाव को कम करने के तरीकों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई। श्री विक्रम सिंह ने आशा व्यक्त की कि सीबीएसई के इस महत्वपूर्ण कदम को सार्थक बनाने के लिए अभिभावकों को भी आगे आना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य उज्जवल हो सके। कार्यशाला में दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नई शिक्षण विधियों को सीखा।


























