
हाथरस 02 मई । शहर के कंचन नगर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। नगर पालिका क्षेत्र में आने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग आज बदहाली का प्रतीक बन चुका है। जर्जर सड़कों, दो से तीन फीट तक भरे जलभराव और धूल-कीचड़ के बीच यहां के निवासी और राहगीर नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बदले मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कंचन नगर मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण महीनों से पानी भरा हुआ है। यह मार्ग आगरा रोड से जुड़ा प्रमुख रास्ता है, जहां दो से ढाई फीट तक जलभराव बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाता है। जलभराव के चलते सड़क पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं और कई स्थानों पर पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें राहगीर घायल हो रहे हैं।
क्षेत्र में पेयजल संकट भी गंभीर रूप ले चुका है। अधिकांश सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं या सूख चुके हैं, जिससे लोगों को स्वच्छ पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं, स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद हैं, जिससे शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। अंधेरे और खराब सड़कों के कारण रात में आवागमन करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कों के किनारे और खाली प्लॉट कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुके हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि न तो नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाता है और न ही नालियों की सफाई की जाती है। इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त, जर्जर बिजली खंभों पर लटकते तार भी किसी बड़े हादसे का संकेत दे रहे हैं। विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों को इस बदहाल स्थिति का सबसे अधिक खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सतीश चंद्र, पूर्व सभासद निरंजन लाल और राजकुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन और नगर पालिका से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। शनिवार को आयोजित तहसील दिवस में पीड़ित उपभोक्ताओं ने एकत्रित होकर एक मांग पत्र सौंपा।





















