Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 अप्रैल । जनपद के चंदपा कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक थाने के शौचालय में फंदे पर लटका मिला, जिसकी उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली निरीक्षक और एक सिपाही को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के लोनी निवासी 24 वर्षीय चंद्रपाल पुत्र भोलाशंकर पर चंदपा इलाके की एक 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप था। किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था और गुरुवार को पुलिस टीम ने दोनों को लोनी से बरामद किया था। बरामदगी के बाद किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जबकि युवक चंद्रपाल को पुलिस ने हिरासत में रखा था।

शौचालय में मिला फंदे पर लटका

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे युवक ने पुलिसकर्मियों से शौचालय जाने की बात कही। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर देखा। वहां युवक शौचालय के जंगले से फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

लापरवाही और कार्रवाई

हिरासत में हुई इस मौत ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) चिरंजीव नाथ सिन्हा और अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर कोतवाली निरीक्षक श्याम सिंह और सिपाही लखन सिरोही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इतना ही नहीं, दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। पूरे मामले की जांच सीओ सादाबाद अमित पाठक को सौंपी गई है। युवक की मौत के बाद एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। समाचार लिखे जाने तक युवक के परिजन मौके पर नहीं पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page