
हाथरस 23 अप्रैल । थाना मुरसान के पटाखास गांव के पास श्री बांके बिहारी टाउन आवासीय कालोनी में लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर को चोरों ने निशाना बनाया है। चोरों ने रात के अंधेरे में ट्रांसफार्मर खोलकर कीमती कापर काइल और तेल चोरी कर लिया। घटना से इलाके की बिजली आपूर्ति ठप होने का खतरा बढ़ गया है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मुरसान के पटाखास में तैनात अवर अभियंता प्रवेश कुमार ने कोतवाली मुरसान में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक, 21 अप्रैल 2026 की सुबह लाइनमैन ने सूचना दी कि बांके बिहारी टाउन कालोनी में रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी हो गया है। सूचना पर जब उन्होंने मौके का निरीक्षण किया तो ट्रांसफार्मर का खाली टैंक पिलिंथ पर रखा मिला। चोर ट्रांसफार्मर की काइल और पूरा तेल निकाल ले गए थे। अवर अभियंता का कहना है कि चोरी की वारदात मध्य रात्रि में अंजाम दी गई। प्रवेश कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
























