
सासनी 21 अप्रैल । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कोतवाली चौराहे के निकट चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त को चुनौती देते हुए एक बाइक शोरूम को अपना निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते शोरूम में दाखिल हुए और वहां रखी करीब 85 हजार रुपये की नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। कोतवाली से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। अग्रवाल मोहल्ला निवासी सौरभ सिंघल का कोतवाली चौराहे के पास ‘क्वालिटी मोटर्स’ के नाम से हीरो बाइक का शोरूम है। सोमवार देर शाम सौरभ शोरूम बंद कर अलीगढ़ गए थे। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जब शोरूम का नौकर दुकान खोलने पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। शोरूम के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से नकदी गायब थी। सूचना मिलते ही सौरभ सिंघल मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सौरभ सिंघल के अनुसार, चोर छत के रास्ते से शोरूम के भीतर घुसे थे। चोरों ने शोरूम के अंदर रखी 85 हजार रुपये की नकदी और कुछ अन्य कीमती सामान पार कर दिया। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध चोर अंदर हरकत करता हुआ कैद हुआ है। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग पर हुई इस चोरी ने पुलिस की सक्रियता और रात्रि गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि मुख्य चौराहे के पास ही दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य क्षेत्रों का क्या हाल होगा। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से चोर की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
























