Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 अप्रैल । नगर पंचायत सभागार में सोमवार को बोर्ड बैठक आयोजित की गई। इसमें लगभग 14 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी विकास कुमार और नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल उपस्थित रहे। इस दौरान पिछले वर्षों के कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं के बजट प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। बैठक में कई सभासदों ने अमृत योजना के तहत जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों पर बने गड्डों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन डालने से कई स्थानों पर सड़कें और गलियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने जानकारी दी कि जल निगम को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष गड्डों को भरने और सड़कों को समतल करने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बैठक में स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और गलियों व मुख्य मार्गों के सड़क निर्माण की योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सभासदों ने कोतवाली मार्ग से वासुदेव विद्या मंदिर तक सड़क निर्माण सहित कई अन्य आवश्यक विकास कार्यों की मांग भी प्रस्तुत की। यह बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इसमें नगर क्षेत्र के लगभग 14 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की योजनाओं पर बोर्ड ने अपनी मुहर लगाई। इन प्रस्तावों की स्वीकृति से नगर में सड़क, प्रकाश व्यवस्था और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page