Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 जुलाई। क्षेत्र के गांव कुकटई में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के एक आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। यह मामला 30 मार्च 2026 का है, जब गांव कुकटई निवासी बंटी पुत्र निहाल सिंह ने कोतवाली सादाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी। बंटी ने बताया था कि उसने अपनी पैतृक संपत्ति पर खरंजा लगाने को लेकर न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त किया हुआ था।आरोप है कि उसी दिन ग्राम प्रधान के पुत्र अंकित और सचिन विवादित भूमि पर खरंजा लगवा रहे थे। बंटी द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मारपीट और फायरिंग भी हुई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। वहीं, दूसरे आरोपी सुमित कुमार पुत्र रामगोपाल, निवासी कुकटई, ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। रविवार को न्यायालय के आदेश पर सुमित कुमार को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के बाद पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में थाना सादाबाद पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page