
हाथरस 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) आज के साथ संयुक्त रूप से योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए लोगों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर पिछले एक माह से संचालित योग शिविर का समापन भी किया गया। कार्यक्रम में योग शिक्षक श्री महेश अग्रवाल ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक श्री महेश अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं योगदान के लिए स्मृति चिन्ह एवं पटका भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके द्वारा दिए गए योग प्रशिक्षण की सराहना की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर व्यक्ति स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकता है। आज के तनावपूर्ण वातावरण में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिभागियों को जलपान कराया गया तथा पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। साथ ही सभी ने नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज की अध्यक्ष सीमा शर्मा, सचिव नमिता गोयल, संगीता, गौरी, पूनम, सीमा सहित अनेक महिलाओं एवं प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर कार्यक्रम का लाभ उठाया।


























