Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 अगस्त। जिला पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, हाथरस में भव्य तिरंगा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्थानीय उत्पादों की जानकारी देने के लिए लगाए गए स्टॉलों का जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया। इसके बाद सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। महोत्सव में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने ‘संभाजी’, ‘जय जय भारत’ और ‘लहरा दो तिरंगा’ जैसे देशभक्ति गीतों पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर उनके त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। लोकगीत ‘झूला तो पड़ गयो’ की प्रस्तुति ने भारतीय लोक संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों की सराहना करते हुए कहा कि इनके माध्यम से हाथरस के स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने का अच्छा प्रयास किया गया है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गौरव की अनुभूति करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास को पढ़ने तथा तिरंगे के महत्व को समझने की अपील की।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि तिरंगा महोत्सव अत्यंत भव्य और प्रेरणादायी रहा। उन्होंने जनपदवासियों से 13 अगस्त से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में तिरंगे के साथ सेल्फी लेना और सोशल मीडिया पर स्टोरी बनाना अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद रखना भी जरूरी है। काकोरी कांड और अमर शहीद अशफाक उल्ला खां का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनियां पढ़ने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और मानसिक दृढ़ता विकसित करनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के निर्माता पिंगली वेंकैया के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने वीरांगना रानी अब्बक्का चौटा के साहस और संघर्ष को भी याद किया तथा कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को मजबूत बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत विद्यार्थियों में प्रतिभा और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए सीनियर एवं जूनियर वर्ग में रंगोली, भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। सीनियर वर्ग की रंगोली प्रतियोगिता में सुरजोबाई बालिका इंटर कॉलेज की सानिया, भावना, पायल, महजवी एवं लक्ष्मी की टीम ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कोयल, भूरिया, प्रियंका, आलिया एवं सोना की टीम ने द्वितीय तथा इसी विद्यालय की राधिका, नैना, आफरीन, साक्षी एवं इलमा जहाँ की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग भाषण में सुरजोबाई बालिका इंटर कॉलेज की निशा कुशवाह प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की मुस्तफा द्वितीय तथा सेठ हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज की लवली तृतीय रहीं। पेंटिंग में सुरजोबाई बालिका इंटर कॉलेज की भूमि वर्मा प्रथम, सेठ हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज की ऐशू वर्मा द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की भाव्या वर्मा तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग की रंगोली प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आलिया, उजमा, लायका, अनमता एवं खुशी की टीम प्रथम रही। भाषण प्रतियोगिता में इसी विद्यालय की संध्या प्रथम, नव्या द्वितीय और दिव्या तृतीय रहीं। पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की ईशा प्रथम, सेठ हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज की दिव्या कुशवाह द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रियांशी तृतीय स्थान पर रहीं। जनप्रतिनिधियों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, रचनात्मकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, मीडिया एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page