
हाथरस 15 मई। शासन के आदेशों एवं जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय रणधीर सिंह तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व एवं निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से लगातार निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त शिकायत के क्रम में विभागीय टीम ने सब्जी मंडी मेंडू के पास रंजीत पुत्र गोकुल सिंह की छोले-भटूरे की दुकान पर पहुंचकर तैयार छोले का नमूना जांच हेतु लिया, जिसे प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इसके साथ ही फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से जलेसर रोड, रुहेरी एवं सासनी क्षेत्र में दाल, मिठाइयां, दूध तथा मसालों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई और खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं आम जनता को तत्काल जांच रिपोर्ट से अवगत कराया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए लोगों को ताजा भोजन करने, बासी भोजन से परहेज करने, सड़े-गले एवं कटे-फटे फल-सब्जियों का उपयोग न करने, स्वच्छ पेयजल पीने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। आमजन ने विभाग द्वारा दी गई इस उपयोगी जानकारी की सराहना की। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच और जनजागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, पारुल सिंह, सुरेंद्र कुमार गोंड, ओमकार कुशवाहा तथा डॉ. विकास उपस्थित रहे।






















