Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 मई। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में आधुनिक एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में पुराना मिल कंपाउंड, आगरा रोड स्थित नवीन स्ट्रीट लाइटों का शुभ उद्घाटन नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन अवसर पर पालिका अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री  के पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और जनहित से जुड़े प्रेरक संदेशों से प्रभावित होकर ई-रिक्शा से कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को सकारात्मक विचारों को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाकर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। ई-रिक्शा जैसे पर्यावरण हितैषी साधनों का उपयोग प्रदूषण कम करने के साथ-साथ स्वच्छ और जागरूक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी से आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी तथा राहगीरों एवं व्यापारियों को आवागमन में राहत प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 350 नग 90 वाट की आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटों की खरीद कर उनका अधिष्ठापन कराया जा रहा है। ये स्ट्रीट लाइटें नगर के उन प्रमुख बाजारों में लगाई जा रही हैं जहां पूर्व में प्रकाश व्यवस्था का अभाव था। साथ ही राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 3000 नई स्ट्रीट लाइटों की खरीद की प्रक्रिया भी प्रगति पर है, जिनके स्थापित होने के बाद नगर के अधिकांश प्रमुख मार्ग रोशनी से जगमगाते दिखाई देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि स्ट्रीट लाइटों के संचालन को व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के लिए ऑटो टाइमर खरीदे जा रहे हैं। इन ऑटो टाइमरों के माध्यम से लाइटें निर्धारित समय पर स्वतः चालू एवं बंद होंगी, जिससे दिन के समय अनावश्यक रूप से लाइटों के जलने की समस्या समाप्त होगी और विद्युत ऊर्जा की बचत सुनिश्चित होगी। नई एलईडी स्ट्रीट लाइटों के स्थापित होने से पुराना मिल कंपाउंड, आगरा रोड सहित नगर के अन्य क्षेत्रों में रात्रिकालीन सुरक्षा एवं आवागमन की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस अवसर पर प्रमुख मनोज अग्रवाल, विवेक गुप्ता, अशोक गोला, रामजी लाल वर्मा, दिनेश सिंह नन्हे भैया, धीरज जैन, बीना जैन तथा शालिनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने नगर पालिका परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों से शहर की तस्वीर बदल रही है और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page