
हाथरस 22 मई। राजेन्द्र लोहिया विद्या मंदिर में आयोजित समर कैम्प के अंतिम चरण में शुक्रवार को विद्यार्थियों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। विद्यालय परिसर में विभिन्न रचनात्मक, शैक्षिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कपिल भाटिया एवं एओ तपेन्द्र सैंगर ने समर कैम्प की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा प्रत्येक ग्रुप के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए नई चीजें सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रोत्साहन से विद्यार्थियों में विशेष ऊर्जा और खुशी देखने को मिली। समर कैम्प के दौरान डांस, कराटे, योग, खेलकूद, आर्ट एंड क्राफ्ट, बैडमिन्टन, साइंस क्लब एवं कैलीग्राफी जैसी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की रचनात्मकता और सीखने की लगन ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार समर कैम्प का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं बौद्धिक क्षमताओं को विकसित करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।


























