Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 16 मई। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी अतुल वत्स Atul Vats एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा Chiranjiv Nath Sinha ने संयुक्त रूप से तहसील सादाबाद में जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतों का ऐसा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने एक-एक कर शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद एवं अन्य मामलों में सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही समाधान दिवस का मूल उद्देश्य है। यदि किसी शिकायत का समय पर निस्तारण नहीं किया जाता अथवा एक ही समस्या को आवेदक को बार-बार प्रस्तुत करना पड़ता है, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का मौके पर जाकर मुआयना करें तथा गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर पीड़ितों को राहत पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी समाधान की अपेक्षा लेकर आता है, इसलिए कोई भी व्यक्ति तहसील दिवस अथवा किसी भी सरकारी कार्यालय से निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए। पारदर्शिता और निष्पक्षता के आधार पर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को नियमानुसार न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए। तहसील सादाबाद में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 55 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। अन्य तहसीलों में प्राप्त शिकायतों का विवरण इस प्रकार रहा— तहसील सिकंदराराऊ में 94 शिकायतों में से 2, तहसील हाथरस में 66 शिकायतों में से 6 तथा तहसील सासनी में 20 शिकायतों में से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सादाबाद, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page