
हाथरस 02 अगस्त । सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगला भोजा में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि थार सवार युवक ने एक युवक को निशाना बनाकर तीन राउंड फायर किए। हमले में युवक तो बाल-बाल बच गया, लेकिन उसके पास खड़े 17 वर्षीय किशोर मोहित के बाजू में छर्रा लग गया, जिससे वह घायल हो गया। घायल किशोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी हिमांशु माथुर और कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दीपक पर तीन राउंड फायरिंग का आरोप
जानकारी के अनुसार नगला भोजा निवासी दीपक पुत्र निरंजन का कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा है। रविवार शाम वह बंबा की पटरी पर पीपल के पेड़ के नीचे बंटी और आकाश के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान 17 वर्षीय मोहित पुत्र गुड्डू भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान मथुरा की ओर से एक थार गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी से उतरे युवक ने कथित तौर पर दीपक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने तमंचा निकाल लिया और दीपक को निशाना बनाकर लगातार तीन फायर कर दिए। फायरिंग से बचने के लिए दीपक पास की पोखर में कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, इस दौरान उसके बराबर में खड़े मोहित के बाजू में छर्रा लग गया और वह घायल हो गया।
फायरिंग से मची अफरा-तफरी
लगातार गोलियां चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद आरोपी थार लेकर मौके से फरार हो गया। परिजन घायल मोहित को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष ने फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान अंकित निवासी गैलेक्सी होटल के रूप में बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि आगरा रोड पर दो पक्षों के बीच आपसी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों, फायरिंग में शामिल आरोपी और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।










