
हाथरस 08 जुलाई। अलीगढ़ रोड स्थित नहर विभाग (कैनाल विभाग) की पुरानी इमारत को ध्वस्त कर नई इमारत का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से करीब 25 दिनों से स्थल पर काम बंद पड़ा है। इस दौरान भवन की नींव के लिए लगभग 6 से 7 फीट गहरी खुदाई की गई, जिसे खुला छोड़ दिया गया। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण गहरे गड्ढे में नाले का पानी भर गया है। पानी के दबाव और जलभराव के चलते निर्माण स्थल की एक दीवार भी ढह गई है। इससे आसपास की जमीन कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल के बिल्कुल समीप स्थित राधे कॉम्प्लेक्स की नींव पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते जलनिकासी और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए तो आसपास की इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की शिकायत हाथरस जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद तथा उत्तर प्रदेश सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में निर्माण स्थल को खुले छोड़ना गंभीर लापरवाही है और जन-धन की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित विभाग को तुरंत जलभराव हटाने, स्थल को सुरक्षित करने तथा निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए जाने चाहिए।




















