
हाथरस 30 जुलाई। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में नगरीय क्षेत्र के सरकारी, निजी एवं अर्द्धसरकारी विद्यालयों के अध्यापकों का जनपद स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि 10 अगस्त 2026 को जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एल्बेन्डाजोल 400 एमजी की कृमिनाशक गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे उस दिन अनुपस्थित रहेंगे अथवा बीमारी के कारण दवा नहीं ले सकेंगे, उन्हें 14 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
ब्लॉक स्तर तक प्रशिक्षित किए जाएंगे शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
कार्यक्रम के तहत पहले ही 20 जुलाई को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कराया जा चुका है तथा 27 जुलाई को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में अंतरविभागीय बैठक भी आयोजित की गई थी। अब प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स 1 से 5 अगस्त तक ब्लॉक स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं तथा सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, ताकि अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
आयु के अनुसार बच्चों को दी जाएगी दवा
जिला नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक पुष्पेन्द्रवीर सिंह ने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली पीसकर पानी के साथ, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली चूरा करके पानी के साथ तथा तीन वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एक गोली चबाकर पानी के साथ खिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण से बच्चों को बचाने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है।
ई-कवच पोर्टल पर शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग के निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने प्रशिक्षण के दौरान कृमिनाशक दवा के लाभ, विद्यालयों में पूर्व तैयारियों और प्रतिकूल घटना प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। वहीं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता ने सभी नोडल अध्यापकों को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों का ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, वे तत्काल पंजीकरण कराएं तथा पूर्व में पंजीकृत विद्यालय इस राउंड की रिपोर्टिंग के लिए अपनी जानकारी अपडेट कर शत-प्रतिशत ऑनलाइन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस विभाग ने किया समन्वय
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने की। प्रशिक्षण में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार, जिला नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक पुष्पेन्द्रवीर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





