
हाथरस 30 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन के खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 16 खेलों की विभिन्न विधाओं में 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1.50 लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय पर प्रशिक्षण हेतु आबद्ध किया जाएगा। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद के इच्छुक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक अपने आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर 8 अगस्त 2026 की सायं 5 बजे तक जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम हाथरस में किसी भी कार्य दिवस पर जमा कर सकते हैं। यह नियुक्तियां प्रदेश के 34 आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में हैंडबॉल (महिला), फुटबॉल, क्रिकेट, बॉक्सिंग, जूडो, हॉकी, तैराकी, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती तथा तीरंदाजी (पुरुष एवं महिला वर्ग) सहित 16 खेलों के लिए की जाएंगी।
ये रहे आवेदन के लिए पात्रता के प्रमुख मानदंड
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी ने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप अथवा वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया हो। इन प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार एवं ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों तथा भारतीय टीम को ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स या कॉमनवेल्थ गेम्स में प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों को भी वरीयता मिलेगी। जिला खेल कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में आवेदन कर चुके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।









