
सासनी 06 अगस्त। जिओ आउटलेट पर रिचार्ज से जुड़े विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और कट्टा दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की ओर से एसीजेएम न्यायालय, हाथरस में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव कोमरी निवासी राघवेंद्र सिंह उर्फ राहुल सेंगर ने बताया कि वह उतरा गांव में जिओ आउटलेट पर रिचार्ज के पैसे लेने गया था। आरोप है कि वहां मौजूद चार युवक मोबाइल से उसकी फोटो खींच रहे थे। इसको लेकर टोकने पर उनके बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। पीड़ित के अनुसार इसके बाद सुबह करीब 10 बजे अकबरपुर गांव में आकाश, मनोज और अभय ने उसके साथ मारपीट की और जबरन माफी मंगवाई। आरोप है कि इस दौरान उसे कट्टा दिखाकर धमकाया भी गया। पीड़ित ने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और उसने डायल-112 पर सूचना दी थी। आरोप है कि स्थानीय स्तर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर उसने अलीगढ़ के एएमयू में उपचार कराया तथा उच्चाधिकारियों से शिकायत की। मामले से संबंधित वीडियो फुटेज पेन ड्राइव के माध्यम से न्यायालय में भी प्रस्तुत की गई। पुलिस ने अब मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और घटना से जुड़े आरोपों, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।








