Hamara Hathras

Latest News

सासनी 30 जुलाई। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा एवं संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले आज उपखंड सासनी पर बिजली संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लखनऊ में चल रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सरकार तथा विभागीय अधिकारियों से लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि संविदा एवं निविदा कर्मचारी विषम परिस्थितियों में दिन-रात कार्य कर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं, लेकिन उन्हें न तो पर्याप्त सुरक्षा उपकरण मिलते हैं और न ही सेवा संबंधी आवश्यक सुविधाएं। उन्होंने वेतन विसंगतियों को दूर करने, सेवा सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, ईपीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक है और इसका उद्देश्य शासन एवं विभाग का ध्यान उनकी जायज मांगों की ओर आकर्षित करना है। धरना-प्रदर्शन में उपखंड सासनी के सभी संविदा कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान योगेंद्र सिंह, भानु प्रताप सिंह, यतेन्द्र शर्मा, अजीत सिंह, डालचंद वर्मा, बानी सिंह, कौशल शर्मा, सोनवीर सिंह, प्रमोद, विष्णु, धर्मेंद्र सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page