
हाथरस 12 जून। महिला थाना में एक विवाहिता के ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया गया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हाथरस गेट क्षेत्र के इगलास फाटक निवासी आमना बेगम ने तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री खुशबू का निकाह 29 दिसंबर 2025 को बदायूं जनपद के थाना उझानी क्षेत्र स्थित मानिकपुर रोड निवासी सोहिल पुत्र प्रधान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और अन्य सामान देकर करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के लगभग 15 दिन बाद ही पति, ससुराल पक्ष और अन्य परिजनों ने खुशबू पर दहेज में पांच लाख रुपये नकद और एक बाइक लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।पीड़िता की मां का आरोप है कि जनवरी 2026 में भी खुशबू को प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया था। इसके बाद 25 अप्रैल को दोबारा ससुराल ले जाया गया, लेकिन 27 अप्रैल को फिर दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई और घर से निकाल दिया गया। किसी तरह खुशबू अपने मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




















