
हाथरस 02 नवंबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर के बाजारों में भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए हाथरस पुलिस ने यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 3 नवंबर से 12 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक नगर क्षेत्र के निर्धारित डायवर्जन प्वाइंटों से बाजार की ओर जाने वाले मार्गों पर ई-रिक्शा, टेंपो सहित अन्य भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार सासनी गेट चौराहे पर बैरियर से कमला बाजार की ओर, पेट्रोल पंप तालाब चौराहे पर बैरियर से पंजाबी मार्केट की ओर तथा महिला थाने के सामने बैरियर से मोहनगंज (घंटाघर) की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार बांस मंडी चौराहे और घास मंडी तिराहे पर बैरियर से घंटाघर की ओर, बुर्ज वाला कुआं तिराहा और चूना वाला डंडा तिराहा से बाजार की ओर वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
इसके अलावा चामड़ गेट चौराहे, देवेन्द्र अग्रवाल मिष्ठान वाला चौराहे और जामा मस्जिद चौराहे पर बैरियर से घंटाघर बाजार की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नया गंज चौराहा और सादाबाद गेट चौराहे पर भी निर्धारित बैरियर से वाहनों को बाजार की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। हाथरस पुलिस ने वाहन चालकों, ई-रिक्शा और टेंपो संचालकों से निर्धारित अवधि में यातायात डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। आमजन से भी अनुरोध किया गया है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं और यातायात पुलिस तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, बाजारों में सुगम आवागमन बनाए रखना और जाम की समस्या से बचाव करना है।







