Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डी.आर.बी. इंटर कॉलेज, हाथरस में विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं तथा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ रचनात्मकता, अभिव्यक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य रहे। विद्यालय परिवार की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गौरव आर्य ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले भारत की दिशा और दशा निर्धारित करेंगे। विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शिक्षा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में से ही आगे चलकर राजनेता, चिकित्सक, इंजीनियर, अधिवक्ता, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी निकलेंगे, जो अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान से देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 8-बी की प्रिया ने प्रथम, कक्षा 5 की राधिका ने द्वितीय तथा कक्षा 7 की कनक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 9-डी के आकाश कुमार प्रथम, कक्षा 10-सी की नंदिनी द्वितीय तथा कक्षा 10-सी के आयुष तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 10-सी की कनिष्का वर्मा ने प्रथम, कक्षा 10-बी की सोनम ने द्वितीय तथा तरलोक वार्ष्णेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम का माहौल जीवंत रहा। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन श्री अजय कुमार गौड़ ने किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री चैतन्य प्रकाश, श्री प्रवीण कुमार, श्री देशबंधु, श्री सोनू शर्मा, श्री रामजीत, श्री शिव विलास, श्री अशोक कुमार, श्री जीतेन्द्र सिंह, श्रीमती नीतू, श्रीमती नीरू गुप्ता, श्रीमती प्रीति वर्मा, श्रीमती कल्पना गुप्ता, श्रीमती सावित्री बघेल, श्रीमती नीलम गंगवार, श्री रवि कुमार एवं श्री नीरज शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संजय कुमार मौर्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला और उन्हें शिक्षा, अनुशासन, रचनात्मकता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page