Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 सितम्बर। 1008 अतिशय क्षेत्र श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति की ओर से जैन उद्यान में आयोजित दौज मेला धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का संगम बन गया। पर्युषण पर्व के उपरांत आयोजित मेले में सुबह से ही जैन समाज के लोगों की भीड़ जुटने लगी। नयाबांस मंदिर से बैंड-बाजों के साथ निकली भव्य पालकी यात्रा जैन उद्यान पहुंची। यात्रा में महिलाएं और पुरुष भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। जैन उद्यान में पंडित विशाल जैन ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई, जिसके बाद भगवान को पालकी में विराजमान कर श्रद्धालुओं ने भक्ति और जयकारों के बीच मंदिर में विराजमान कराया। दौज मेले का शुभारंभ सुधीर कुमार जैन लोहिया एवं उनके पुत्र अर्पित जैन ने पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ किया। मुख्य अतिथि सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और 108 आचार्य श्री समय सागर महाराज के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान जैन समाज की ओर से विधायक का नागरिक अभिनंदन किया गया। नयागंज जैन मंदिर के सामने विधायक निधि से कीर्ति स्तंभ का निर्माण कराने पर समाज के लोगों ने उन्हें फूलमाला, दुपट्टा एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

‘जैन समाज के बीच बीता मेरा बचपन, संस्कारों को नहीं भूली’

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि “जैन समाज के बीच मेरा बचपन बीता है। मुझे पूजन, दिगंबर जैन साधुओं की चर्या और उनकी तपस्या की जानकारी है। भले ही आज विधायक बन गई हूं, लेकिन मैं अपने संस्कार और जुड़ाव को भूली नहीं हूं। जैन समाज के लोगों का मुझे हमेशा आशीर्वाद मिला है।” विधायक के संबोधन के दौरान समाज के लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक संस्कार व्यक्ति के जीवन में हमेशा साथ रहते हैं।

भक्ति गीतों ने बांधा समां, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

मेले में मध्य प्रदेश से आए संगीतकार आदित्य जैन ने भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। वहीं नेहा जैन लवी एवं नंदनी जैन के निर्देशन में बच्चों ने मंगलाचरण, स्वागत गीत, भक्ति गीत और नाटिका प्रस्तुत की। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। महिलाओं ने भक्ति संगीत के बीच डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने लगाई बोलियां

दौज मेले के दौरान भगवान चंद्रप्रभु के अभिषेक, शांति धारा, पालकी सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों के लिए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक बोलियां लीं। मूलनायक चंद्रप्रभु भगवान के अभिषेक की बोली अतिशय जैन ने ली। शांति धारा की बोली अंकित जैन बड़जात्या तथा दूसरी शांति धारा की बोली ऋषभ जैन डिंपल ने ली। पालकी की बोली धन्य कुमार जैन सोगानी, रानू जैन आवास विकास, अंकुर जैन एवं पवन जैन आईटीआई ने ली। खजांची की बोली संजीव जैन लुहाड़िया और कुबेर की बोली अतुल जैन बड़जात्या, सासनी ने ली।

मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान देकर बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में धैर्य जैन ने 95 प्रतिशत, काव्या जैन ने 94.7 प्रतिशत और सृष्टि जैन ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इंटरमीडिएट में शुभ जैन ने 94.2 प्रतिशत, सक्षम जैन ने 78 प्रतिशत और खुशी जैन ने 74.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। सभी मेधावी विद्यार्थियों को दुपट्टा एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं शैलेन्द्र कुमार जैन एवं दीप्ति जैन साकेत कॉलोनी ने स्वर्गीय जगदीश प्रसाद जैन की पुण्य स्मृति में हाईस्कूल की टॉपर नव्या जैन एवं इंटरमीडिएट के शुभ जैन को सम्मानित किया।

धार्मिक एवं सामाजिक सेवाओं के लिए समाजसेवियों का सम्मान

नयाबांस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने मंदिर एवं समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के अनेक वरिष्ठजनों और सेवाभावी लोगों को सम्मानित किया। इनमें छीतरमल जैन, संदीप जैन, कैलाश चंद जैन, जयंती प्रसाद जैन, सुधीर कुमार जैन लोहिया, धरणेन्द्र कुमार जैन, धन्य कुमार जैन सोगानी, राकेश चंद जैन, अनिल कुमार जैन गुड्डू, राज कुमार जैन लोहिया, सुमित प्रकाश जैन, पीके जैन इंजीनियर, वीरेंद्र कुमार जैन रोडवेज, मुकेश कुमार जैन, उमेश चंद जैन, विजय जैन लोहिया, पवन जैन आईटीआई, अरविंद जैन राजा बाबू, रानू जैन आवास विकास, विशाल जैन वेद, सौरभ जैन रानू सहित अन्य समाजसेवी शामिल रहे। दशलक्षण पर्व के दौरान उपवास एवं नित्य नियम पूजन करने वाले अतुल जैन गुड्डू, आकाश जैन, मन्नु कुणाल जैन, सरिता जैन, हिमांशु जैन एवं रश्मि जैन को भी दुपट्टा, माला एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में धर्म, संस्कार, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मंच से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री जैन नवयुवक सभा एवं नयाबांस कमेटी अध्यक्ष उमाशंकर जैन, मंत्री यतीश जैन, कोषाध्यक्ष हिमांशु जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरज जैन, मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। दौज मेले में दिनभर धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। पालकी यात्रा से लेकर भक्ति संगीत और बच्चों की प्रस्तुतियों तक पूरे आयोजन में जैन समाज की धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page