Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 जून । सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल हाथरस जनपद के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री लगभग 548 करोड़ रुपये की 147 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले 23 जून को प्रस्तावित था। इसके लिए सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में पंडाल सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। हालांकि, 22 जून को अलीगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान लखनऊ में हुए अग्निकांड की सूचना मिलने पर उन्होंने अपना हाथरस दौरा स्थगित कर दिया था और वहीं से लखनऊ रवाना हो गए थे। प्रशासन को मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम प्राप्त हो चुका है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद 11:30 बजे मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 80 मिनट तक हाथरस में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:30 बजे जनसभा समाप्त होगी और 12:40 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव करते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के लिए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शरबत और कूलर की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, मुख्यमंत्री की जनसभा को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पूरे दिन तैयारियों में जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page