Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 16 जुलाई। क्षेत्र के गांव ककरावली में हुई मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। पीड़ित रोहित पुत्र कोमल सिंह, निवासी गांव ककरावली, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान गांव के कौशल पुत्र पिंकू सिंह और राजेश पुत्र महावीर लाठी और सरिया लेकर उसके घर पहुंचे तथा गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि जब रोहित ने उनके आने का कारण पूछा तो दोनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान उसके भाई किशन सिंह, मां कुसुमा देवी और पिता कोमल सिंह भी बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। लाठी और सरिये से किए गए हमले में रोहित, उसके भाई किशन सिंह और पिता कोमल सिंह घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी प्रभावशाली हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page