
हाथरस 19 अगस्त। कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ले में सभासद की 21 वर्षीय बेटी से छेड़छाड़ और निकाह के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित युवक और उसके जीजा के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता, जो क्षेत्र के वर्तमान सभासद बताए जा रहे हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी स्कूल एवं बाजार आती-जाती है। इसी दौरान एटा जिले के मारहरा निवासी शादिक पुत्र मुसीर उर्फ मोवीन, जो वर्तमान में अपने जीजा अंसार पुत्र शमशाद के घर नवीपुर खुर्द में रह रहा है, उनकी बेटी से रास्ते में छेड़छाड़ करता है। पिता के अनुसार कई बार समझाने के बावजूद आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
आरोप है कि शादिक ने दोबारा उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की और उस पर निकाह करने का दबाव बनाया। बेटी द्वारा घर पहुंचकर घटना की जानकारी देने के बाद पिता आरोपित के जीजा अंसार के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां अंसार ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। पीड़ित पिता ने 18 अगस्त को कोतवाली सदर में प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में उन्होंने बताया कि आरोपित की हरकतों के कारण उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान है और परिवार के लोग भी भयभीत हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next News :-सदर तहसील के सामने बिजली के पोल में दौड़ रहा करंट, हादसे की आशंका
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










