
हाथरस 31 जुलाई। हाथरस की प्रसिद्ध रबड़ी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आज ‘एक जनपद एक व्यंजन’ विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं सिकंद्राराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने की। कार्यशाला में लगभग 150 रबड़ी उद्यमियों, पैकेजिंग विशेषज्ञों और कारोबारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त उद्योग रामेन्द्र कुमार ने किया और ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना के उद्देश्यों तथा उद्यमियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार तथा भारतीय पैकेजिंग संस्थान, लखनऊ से आए विशेषज्ञ डॉ. शिवी केसरवानी, डॉ. प्रवीण के दुबे एवं अश्वनी ने गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग, उत्पाद की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, विपणन और आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बेहतर पैकेजिंग और गुणवत्ता मानकों के पालन से हाथरस की रबड़ी को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिल सकती है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने रबड़ी के संरक्षण, संवर्धन और ब्रांडिंग के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला तथा उद्यमियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यशाला में उपस्थित उद्यमियों ने पैकेजिंग, गुणवत्ता और विपणन से जुड़े सवालों के समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त किए और कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। अंत में उपायुक्त उद्योग रामेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया।





