Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 जून । जनपद में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस रामानन्द कुशवाह ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित माधव प्रेक्षा गृह में परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस बल को ब्रीफ किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 8 जून, 9 जून एवं 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। ब्रीफिंग के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।

सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम से होगी लाइव निगरानी

एएसपी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों एवं परीक्षा कक्षों की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की जाएगी तथा त्रिस्तरीय कंट्रोल रूम से पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र की सघन जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा दोषी व्यक्ति के पाए जाने पर तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचित कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इन सामग्रियों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, HHMD से होगी चेकिंग

पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों के अंदर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री जैसे- मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पेन ड्राइव, बैग, खाने-पीने का सामान आदि ले जाने की अनुमति कतई नहीं होगी। अभ्यर्थियों की एचएचएमडी (HHMD) से प्रभावी फ्रिस्किंग एवं चेकिंग कर केवल अनुमन्य सामग्री ही परीक्षा केंद्र में ले जाने दी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ एकत्र न होने देने, वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगा भारी पुलिस बल

परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख चौराहों पर फिक्स पिकेट ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत चार क्षेत्राधिकारी, 30 निरीक्षक, 60 उपनिरीक्षक, 277 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 125 महिला पुलिसकर्मी, 13 एलआईयू कर्मी, 21 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी सहित अन्य पुलिस बल की तैनाती की गई है।

रेलवे स्टेशनों पर चौकसी, सोशल मीडिया सेल भी सक्रिय

रेलवे स्टेशन एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। जीआरपी एवं आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान सतर्क निगरानी रखी जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया सेल को भी 24 घंटे के लिए सक्रिय कर दिया गया है, जो परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर नजर रखेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) को भी सक्रिय किया गया है। ब्रीफिंग कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय के अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page