
हाथरस 27 जुलाई। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद से होकर गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स Atul Vats एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में कांवड़ संघों के प्रतिनिधियों और शिविर संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कांवड़ संघों से सुझाव भी लिए गए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि हाथरस से होकर गुजरने वाला प्रत्येक कांवड़ श्रद्धालु जिले का सम्मानित अतिथि है। उनकी सेवा, सुरक्षा और आतिथ्य हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने सभी शिविर संचालकों से आग्रह किया कि श्रद्धालुओं की सेवा समर्पण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में करें, ताकि हाथरस की सकारात्मक छवि पूरे प्रदेश में पहुंचे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कांवड़ शिविर मुख्य मार्ग से कम से कम 10 फुट की दूरी पर स्थापित किए जाएं। शिविरों में विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन (फायर सेफ्टी) के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक उपचार और स्वच्छता जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि शिविरों में लगाए जाने वाले साउंड सिस्टम एवं लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। ऐसे गीत या ध्वनि का प्रसारण न किया जाए जिससे आमजन या श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा हो। उन्होंने कहा कि यदि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारी नियमित रूप से शिविरों और यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में प्राप्त सभी व्यवहारिक सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा तथा कांवड़ संघों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने शिविर संचालकों से अपील की कि शिविर स्थापित करने से पूर्व आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें और शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें।
बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों के कांवड़ संघों के प्रतिनिधियों एवं शिविर संचालकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं और समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया तथा यात्रा को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हाथरस से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त का पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ स्वागत किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।










