
हाथरस 06 जून । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के रमनपुर चुंगी स्थित एक मकान पर अवैध कब्जा करने तथा घर से सामान, जेवरात और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता मीरा देवी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मीरा देवी पत्नी राम खिलाड़ी सिंह ने 10 नवंबर 2024 को रमनपुर चुंगी स्थित एक मकान को बिमलेश देवी पत्नी वीरेंद्र कुमार नागर एवं निर्मला देवी पत्नी मुरारीलाल से बैनामे के माध्यम से खरीदा था। मकान खरीदने के बाद वह अपने पति के साथ वहां निवास कर रही थीं। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय पूर्व बीमारी के कारण वह उपचार में व्यस्त थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से मकान का ताला तोड़कर उसमें रखा घरेलू सामान, जेवरात और नकदी चोरी कर ली। आरोप है कि इसके बाद मकान पर अवैध कब्जा कर उसे अपने रिश्तेदारों को सौंप दिया गया। मीरा देवी का कहना है कि जब उन्होंने अपने मकान पर कब्जा देखा और विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की तथा कब्जा वापस करने से इंकार कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके पति को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा नौकरी पर प्रतिकूल प्रभाव डालने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मकान से अवैध कब्जा हटवाने, चोरी गए सामान की बरामदगी कराने तथा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के साथ बैनामे की प्रति भी संलग्न की गई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next News :-20 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






