सासनी में कथित अवैध गर्भपात बना महिला की मौत की वजह, पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने सील कराया क्लीनिक

सासनी 26 नवंबर। जनपद के सासनी कस्बे के मोहल्ला कसाई बाड़ा में कथित रूप से एक दाई द्वारा गर्भपात कराने की कोशिश के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शबाना पत्नी साजिद के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दाई द्वारा गर्भपात करने की कोशिश के दौरान महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला का पोस्टमार्टम आज ही कराया गया। वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर देर शाम स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण भारती, तहसीलदार सासनी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक (MOIC) डॉ. पंकज कुमार ने पुलिस बल के साथ कथित रूप से गर्भपात कराने वाली दाई के क्लीनिक को तलाश किया।
जांच के दौरान क्लीनिक मिलने पर प्रशासनिक टीम ने उसे सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। महिला की मौत के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा है। अब देखना होगा कि जांच में गर्भपात कराने के लिए अपनाई गई प्रक्रिया और क्लीनिक के संचालन से जुड़े किन तथ्यों का खुलासा होता है तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।










