Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 नवंबर। कस्बे की सुभाष गली स्थित श्री महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज में गुरुवार को संविधान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। उन्हें मौलिक अधिकारों और नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा तिवारी, न्यायिक मजिस्ट्रेट नेपाल सिंह और अपर सिविल जज शिव सिंह यादव सहित न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में बताया। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने समानता के अधिकार की जानकारी देते हुए कहा कि संविधान की नजर में सभी नागरिक समान हैं। धर्म, नस्ल और लिंग के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि वंचित वर्गों, महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए विशेष प्रावधान हैं। इनका उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक समानता को बढ़ावा देना है। उन्होंने स्वतंत्रता के अधिकार के बारे में बताया कि हर नागरिक को भाषण और अभिव्यक्ति, शांतिपूर्ण सभा करने, संगठन बनाने, देश में कहीं भी आने-जाने, रहने और व्यवसाय करने की स्वतंत्रता है। इन अधिकारों से नागरिक स्वतंत्र और सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा तिवारी ने छात्राओं को संविधान की शपथ दिलाई और प्रस्तावना का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि संविधान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प दर्शाता है। इसमें सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अवसर की समानता देने की भावना है। उन्होंने छात्राओं से संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने में योगदान देने को कहा। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जमुना गौतम, पिंकी पाराशर, वंदना अस्थाना, राजकुमारी, शीतेश शर्मा और उर्मिला सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संदीप शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page