सादाबाद 26 नवंबर। क्षेत्र में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला सहित चार लोग घायल हो गए। दुर्घटनाएं आगरा, मुरसान और मथुरा मार्ग पर हुईं। हादसों के बाद घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार किया।
पहली दुर्घटना आगरा मार्ग पर हुई। नगला हरकेश निवासी आमना बेगम पत्नी अनवर खान टेंपो में सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान वह टेंपो से गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। दूसरी दुर्घटना भी आगरा मार्ग पर हुई। यहां दो बाइकों की टक्कर में नगला झुन्ना निवासी ललित कुमार पुत्र करण सिंह घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। तीसरी सड़क दुर्घटना मुरसान मार्ग पर हुई। गांव शेरपुर निवासी कौशल पुत्र शरण सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को एक मारुति वैन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया। चौथी दुर्घटना मथुरा मार्ग पर हुई। गांव बिजना निवासी एसके वर्मा पुत्र गोपी सिंह, उम्र करीब 35 वर्ष, बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी सादाबाद पहुंचाया गया।










