
सासनी 19 नवंबर। विद्युत विभाग द्वारा राजस्व वसूली और उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्युत विभाग के कर्मचारी घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें बकाया बिजली बिल समय पर जमा कराने के लिए जागरूक कर रहे हैं। विभाग का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बिल भुगतान में आने वाली परेशानियों का समाधान उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान विद्युतकर्मी उपभोक्ताओं को उनके बिजली बिल की स्थिति की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही समय पर भुगतान नहीं करने पर लगने वाले विलंब शुल्क और संभावित विद्युत कनेक्शन विच्छेदन जैसी असुविधाओं के बारे में भी बताया जा रहा है। कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं को ऑनलाइन माध्यमों के अलावा विभागीय काउंटर एवं अधिकृत केंद्रों पर बिजली बिल जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है, जिससे उपभोक्ता आसानी से अपना बकाया भुगतान कर सकें।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार नियमित रूप से बिजली बिल जमा होने से विद्युत विभाग को क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे बिजली की लाइनों और ट्रांसफार्मरों के रखरखाव तथा आवश्यक सुधार कार्यों को समय से पूरा करने में भी सुविधा होती है। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को यह भी हिदायत दी जा रही है कि वे किसी अनधिकृत व्यक्ति के बहकावे में न आएं और केवल निर्धारित एवं अधिकृत माध्यमों से ही बिजली बिल का भुगतान करें। भुगतान करने के बाद रसीद अवश्य प्राप्त करें। सासनी द्वितीय क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में विद्युतकर्मियों द्वारा लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया बिजली बिलों का समय से भुगतान कर इस अभियान में सहयोग करें, जिससे क्षेत्र की विद्युत सेवाओं को सुचारू और बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सके।










