
हाथरस 19 नवंबर। दूधाधारी गांव में पिछले 15 साल से चली आ रही खारे पानी की समस्या आखिरकार खत्म हो गई है। जल जीवन मिशन के तहत गांव में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शुरू होने से 3553 ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से खारा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण पेट दर्द, उल्टी, दस्त और दांतों की समस्याओं से परेशान थे। पानी इतना खारा था कि घरों में दाल तक ठीक से नहीं गलती थी। घंटों पकाने के बाद भी दाल कड़ी रह जाती थी। गांव में पानी की समस्या का सबसे अधिक बोझ महिलाओं को उठाना पड़ता था। पीने और खाना बनाने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने के लिए महिलाओं को चार से पांच किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता था। पानी की किल्लत ने गांव के सामाजिक जीवन को भी प्रभावित किया। ग्रामीणों के मुताबिक, पानी की समस्या के चलते गांव में शादी संबंध तय करने तक में परेशानियां आती थीं।
गांव की इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ग्राम प्रधान राकेश कुमार यादव के प्रयास और जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मोहित कुमार की पहल से पेयजल व्यवस्था संभव हो सकी। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव के 403 घरों में पानी के कनेक्शन दिए गए हैं। अब स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्राम प्रधान राकेश कुमार यादव ने बताया कि गांव में करीब 15 साल से खारे पानी की समस्या बनी हुई थी। जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मोहित कुमार के प्रयासों से अब ग्रामीणों को स्वच्छ पानी मिल रहा है, जिससे पूरे गांव को राहत मिली है। वहीं ग्रामीण जोगेंद्र यादव ने बताया कि पानी की समस्या के कारण शादी संबंध तय करने तक में परेशानी आती थी और महिलाओं को चार-पांच किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता था। ग्रामीण प्रदीप कुमार ने बताया कि खारे पानी के कारण पेट की बीमारियां, उल्टी-दस्त और दांतों में सड़न जैसी समस्याएं होती थीं। अब स्वच्छ पानी मिलने से बड़ी राहत मिली है। 15 साल तक खारे पानी की परेशानी झेलने वाले दूधाधारी गांव के लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल की शुरुआत किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।










