
सासनी 19 नवंबर। गांव बसगोई में अचानक पुआल, बाजरे की करब और बिटोरे में भीषण आग लगने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। खेत और घर के पास रखे धान के पुआल, बाजरे की करब तथा बिटोरे को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और धुएं का गुबार उठने लगा। आग को तेजी से फैलता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर सर्विस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सासनी फायर सर्विस यूनिट बिना देरी किए घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और उपलब्ध संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और उसे आसपास की अन्य संपत्तियों एवं घरों तक फैलने से रोक लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा आग बुझा दिए जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद गांव में स्थिति सामान्य हो गई। वहीं ग्रामीणों ने फायर सर्विस यूनिट की त्वरित कार्रवाई और दमकल कर्मियों की मुस्तैदी की सराहना की।










