
हाथरस 19 नवंबर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी में किशोर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय के किशोर स्वास्थ्य काउंसलर प्रवीण कौशिक एवं दंत चिकित्सक डॉ. अजीत ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस दौरान विशेषज्ञों ने किशोरावस्था में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को दांतों की नियमित सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका चिकित्सकों ने विस्तारपूर्वक जवाब देते हुए आवश्यक परामर्श दिया। विशेषज्ञों ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता और सही दिनचर्या के प्रति जागरूकता भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायक होती है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र नाथ शर्मा, कोऑर्डिनेटर अल्का शर्मा, शिक्षक राजेश शर्मा, मनोज कुमार कौशिक एवं शिक्षिका महिमा वार्ष्णेय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।










