
हाथरस/सासनी 15 नवंबर। जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। सिकंदराराऊ और सासनी तहसील क्षेत्र में अलग-अलग टीमों ने कई चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान तीन पैथोलॉजी लैब और एक अस्पताल को सील कर दिया गया, जबकि दो अन्य अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया है। सिकंदराराऊ तहसील के गांव वाजिदपुर में उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमआई आलम ने आस्था पैथोलॉजी लैब और मॉडर्न पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों पैथोलॉजी लैब अपंजीकृत पाई गईं। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों को मौके पर ही सील कर दिया और संचालकों को नोटिस जारी किए।
इसी क्रम में सासनी तहसील के गांव रुहेरी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी और डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार भारती की टीम ने कृष्णा हॉस्पिटल तथा मिराज हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। कृष्णा हॉस्पिटल में ऑपरेशन थिएटर बेसमेंट में संचालित पाया गया। अस्पताल के वार्ड में छह मरीज भर्ती थे, लेकिन किसी भी मरीज की भर्ती संबंधी फाइल पूरी नहीं मिली। मरीजों की फाइलों में इलाज करने वाले चिकित्सकों के नोट्स और हस्ताक्षर भी नहीं थे। इसके अलावा अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट योगेश ने बताया कि उनका मेडिकल फैकल्टी में पंजीकरण नहीं हुआ है। जांच में वह अस्पताल के पंजीकृत स्टाफ में भी शामिल नहीं मिले।

इसके बाद टीम ने अलीगढ रोड, कोकाकोला के पास स्थित मिराज हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहां दो महिला मरीज भर्ती मिलीं। मौके पर अप्रशिक्षित स्टाफ मौजूद था और कोई चिकित्सक नहीं मिला। अस्पताल संचालक दोनों मरीजों की उपचार संबंधी पत्रावलियां भी उपलब्ध नहीं करा सके। संचालक ने अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक मेराज अली से फोन पर अधिकारियों की बात कराई। चिकित्सक बाल रोग विशेषज्ञ बताए गए, लेकिन अस्पताल में पेशाब के संक्रमण से पीड़ित महिला और जले हुए मरीज का इलाज किसने किया, इस संबंध में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों अस्पतालों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, सासनी में कोतवाली चौराहे के पास संचालित जयदेव हॉस्पिटल पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की। जांच में अस्पताल स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत नहीं मिला। यहां ऑपरेशन थिएटर के साथ एक मेडिकल स्टोर भी संचालित पाया गया, जिसका संचालक ड्रग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। अस्पताल में सुधा नाम की एक महिला मरीज भर्ती मिली, जिसका करीब एक सप्ताह पहले गर्भाशय का ऑपरेशन किया गया था। इसके अलावा एक अन्य महिला मरीज भी भर्ती थी। पुलिस बल की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। इसके अतिरिक्त गांव रुहेरी में अनधिकृत रूप से संचालित अनीश पैथोलॉजी लैब पर भी छापेमारी की गई। जांच में लैब के अंदर बायोकेमेस्ट्री एनालाइजर, मिक्सर, टेस्ट ट्यूब, सेंट्रीफ्यूज मशीन, दो लैपटॉप और बड़ी संख्या में मरीजों की प्रिंटेड पैथोलॉजी रिपोर्ट मिलीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लैब को भी मौके पर सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपंजीकृत और मानकों के विपरीत संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






