Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 नवंबर। अतिरिक्त दहेज में इनोवा कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति समेत चार ससुरालियों पर मारपीट करने, स्त्रीधन हड़पने और तलाक की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुस्कान पुत्री पीयूष गुड़हा निवासी सूपान गली ने महिला थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 11 दिसंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से सार्थक अग्रवाल के साथ वृंदावन स्थित अनिका हाइट्स में हुई थी। पीड़िता के अनुसार, उसके पिता ने शादी में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें सोने के आभूषण, कपड़े, चांदी के सामान, नकदी, दावत और गेस्ट हाउस का खर्च शामिल था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति सार्थक अग्रवाल, गुरुग्राम के सेक्टर-77 स्थित डी-703 एमारपाम हाइट्स निवासी सास-ससुर और ननद ने अतिरिक्त दहेज में इनोवा कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। उसे भूखा-प्यासा रखने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

मुस्कान ने बताया कि 22 फरवरी को उसके पिता गुरुग्राम पहुंचे और ससुरालियों को समझाया। कुछ दिन तक मामला शांत रहा, लेकिन इसके बाद फिर से इनोवा कार की मांग की जाने लगी। तहरीर के अनुसार, तीन मई को जब उसने अपनी सास से हाथरस जाने की बात कही तो उन्होंने पिता से गाड़ी मंगवाने को कहा। इसके बाद पिता ने चार मई को गाड़ी भेज दी। 21 मई को बीएड की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद उसके पिता ने ससुर से फोन पर बात की, जिसके कुछ घंटे बाद ही तलाक का नोटिस आ गया। अगले दिन 22 मई को पिता उसे लेकर गुरुग्राम गए और ससुराल में छोड़ आए।

पीड़िता का आरोप है कि 24 मई 2026 की शाम उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे गाड़ी से चामड़ गेट, हाथरस के पास उतार दिया गया। ससुरालियों ने कथित तौर पर कहा कि जब तक इनोवा कार लेकर नहीं आएगी, तब तक घर वापस मत आना। मारपीट में आई चोटों का इलाज उसके पिता ने निजी अस्पताल में कराया। मुस्कान ने ससुरालियों पर उसका पूरा स्त्रीधन हड़पने, पति के किसी दूसरी महिला से संबंध होने और जीमेल व व्हाट्सएप के माध्यम से तलाक की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि ससुराल में उससे कई खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए। महिला थाना पुलिस ने पति सार्थक अग्रवाल, सास, ससुर और ननद के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page