
हाथरस 15 नवंबर। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कैमार में घर में घुसकर मारपीट करने, लाठी से सिर फोड़ने और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने तीन नामजद और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।
गांव कैमार निवासी राजकुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 23 अगस्त 2026 को दोपहर वह अपने घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के धारासिंह, कैलाशचंद, गब्बरती और धारासिंह की ससुराल पक्ष के दो-तीन अज्ञात लोग लाठी-डंडे, सरिया और तमंचा लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों व सरियों से उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, धारासिंह ने लाठी से वार कर उसका सिर फोड़ दिया, जबकि कैलाश ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली उसे नहीं लगी।
राजकुमार ने बताया कि शोर सुनकर किशनपाल, कृपाल सिंह और प्रीति सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित का कहना है कि उसने थाने में शिकायत की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना चंदपा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






