
सिकन्दराराऊ (हसायन) 05 नवंबर। हसायन थाना क्षेत्र के नगला रती चौराहे पर गाली देने से मना करने पर दो युवकों द्वारा एक युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में युवक के सिर में खुली चोट आई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। सानी सिचवली निवासी विकास ने बताया कि एक नवंबर की शाम वह घर से नगला रती चौराहे पर आया था। वहां मौजूद रती निवासी शांती और गिरीश उर्फ दिलीप ने बिना किसी वजह के उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विकास ने जब गाली देने से मना किया तो आरोप है कि दोनों ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने घटना देखी और बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने के बाद दोनों युवक उसे जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। विकास ने थाना हसायन में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।






