सासनी 05 नवंबर। दीपावली के पावन अवसर पर बृहस्पतिवार को कस्बे के विभिन्न बाजारों में मंगलामुखियों ने पारंपरिक रूप से नेग मांगकर दीपोत्सव की खुशियां मनाईं। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दिया तथा कस्बे सहित पूरे देश के लोगों के मंगलमय जीवन की कामना की। मंगलामुखियों ने कमला बाजार, गांधी चौक, बस स्टैंड, बजरिया, सिनेमा हॉल और अयोध्या चौक सहित कस्बे के विभिन्न बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों से नेग लिया। इस दौरान बाजारों में उनकी मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बने रहने की कामना की।
इस मौके पर किन्नर समाज के सूरज ने बताया कि उन्हें भगवान श्रीराम से आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर वह कस्बे और भारतवर्ष के सभी लोगों के लिए खुशहाल जीवन की मंगलकामना करते हैं। इस अवसर पर बिंदिया गुरु, सूरज पाठक, संजना, नीतू, कुन्नू, शिवानी, शिल्पी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










