Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 नवंबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार से जूम के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित होने वाले स्वगणना अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 01 दिसंबर से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली जनगणना की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग स्वगणना अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों तथा विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों की भी स्वगणना कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे, जिससे जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता बढ़ेगी और प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर गणना किए जाने के दौरान त्रुटियों की संभावना कम होगी। डीएम ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों एवं उनके परिवारों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। इसी प्रकार औद्योगिक इकाइयों, फैक्ट्रियों, कारखानों, प्रतिष्ठानों, कोल्ड स्टोर, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों और मेडिकल स्टोर सहित अन्य पंजीकृत संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए। इसके अतिरिक्त पेंशनर्स, दिव्यांगजनों, होमगार्ड, पीआरडी जवानों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की स्वगणना कराने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की स्वगणना सुनिश्चित कराने के साथ ही विभागों में पंजीकृत लाभार्थियों और विभिन्न प्रतिष्ठानों तक भी अभियान की जानकारी पहुंचाएं। निर्धारित दिवसों के अनुसार स्वगणना का कार्य पूरा कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने साफ कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वगणना फॉर्म भरवाते समय यह जानकारी भी प्राप्त की जाए कि संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार के ऐसे सदस्य, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है अथवा 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो ऐसे लोगों की सूची तैयार कर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते उनके नाम मतदाता सूची में जुड़वाए जा सकें। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विभागीय डेटाबेस में लाभार्थियों एवं संबंधित व्यक्तियों के ईपीआईसी नंबर अपडेट कराने की कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य मतदाता सूची से छूटे पात्र व्यक्तियों को चिह्नित कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने कार्यालयों के आधिकारिक पत्राचार में प्रयोग के लिए विशेष स्टाम्प तैयार कराने के निर्देश दिए। इस स्टाम्प पर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना एवं प्रगणकों द्वारा की जाने वाली जनगणना का उल्लेख होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने सभी आधिकारिक पत्राचार में इस स्टाम्प का अनिवार्य रूप से प्रयोग करे, जिससे जनगणना अभियान को लेकर व्यापक जागरूकता का प्रसार हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वगणना एवं प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली जनगणना की प्रक्रिया, विभिन्न विभागों के दायित्वों, विभागों में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों और पंजीकृत लाभार्थियों की संख्या के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने 16 से 30 नवंबर तक संचालित होने वाले स्वगणना अभियान की दिनवार कार्ययोजना से भी अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने समस्त नामित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित दिवसों में अपने-अपने विभागों में अभियान संचालित कराएं और निर्धारित प्रारूप में नियमित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। अंत में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपदवासियों से अपील की कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाले स्वगणना अभियान में प्रत्येक परिवार स्वयं आगे आकर अपना विवरण अवश्य दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित होगी और प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली गणना का कार्य भी अधिक सुगमता एवं सटीकता के साथ पूरा हो सकेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page