सिकन्दराराऊ 04 नवंबर। नगर की धरती बुधवार को भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के अद्भुत नजारे की साक्षी बनी। कासगंज रोड स्थित ग्राम नगला जलाल के श्री राधाजी बैंक्विट हॉल में 151 फीट ऊंचे विशाल ध्वजदंड पर भगवा धर्मध्वजा का भव्य आरोहण किया गया। शाम करीब चार बजे आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को देखने के लिए सिकंदराराऊ नगर सहित आसपास के गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लंबे समय से इस विशेष पल का इंतजार कर रहे लोगों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ध्वजारोहण से पूर्व स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। धर्मध्वजा पर पुष्प अर्पित किए गए तथा गंगाजल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। शुभ मुहूर्त में मुख्य आयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता व प्रसिद्ध उद्योगपति उदय पुंडीर अपनी धर्मपत्नी पूजा पुंडीर के साथ मौजूद रहे। इस दौरान कमल कौशिक, पुष्पेंद्र, नीरज सहित अनेक श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की।
इसके बाद स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने इलेक्ट्रॉनिक स्विच दबाकर धर्मध्वजा के आरोहण की प्रक्रिया प्रारंभ कराई। जैसे-जैसे भगवा धर्मध्वजा 151 फीट ऊंचे ध्वजदंड के शिखर की ओर बढ़ी, पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कुछ ही मिनटों में विशाल भगवा धर्मध्वजा शिखर पर पहुंचकर शान से लहराने लगी। इस अद्भुत दृश्य को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और जयकारों के साथ इस पल का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उद्योगपति उदय पुंडीर के नेतृत्व में श्री राधाजी बैंक्विट हॉल परिसर में सात दिवसीय रुद्राम्बिका महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं। उदय पुंडीर लंबे समय से अपनी जन्मभूमि सिकंदराराऊ में विभिन्न समाजसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण के विशेष प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। 151 फीट ऊंचे ध्वजदंड पर लहराती भगवा धर्मध्वजा अब क्षेत्र में इस आयोजन की विशेष पहचान बन गई है।





