सासनी 01 नवंबर। इगलास रोड स्थित सैय्यद के पास रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव हरदपुर निवासी अर्जुन पुत्र मनोज (25) रविवार शाम अपना निजी काम निपटाकर बाइक से वापस गांव लौट रहा था। जैसे ही वह इगलास रोड स्थित सैय्यद के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे दूसरी बाइक पर सवार पिंटू पुत्र फिरोज खान (25) निवासी मदारगड्डा, भोजगढ़ी से उसकी भिड़ंत हो गई। बताया गया कि पिंटू सरिया फैक्ट्री में काम करने के बाद घर लौट रहा था। दोनों बाइकों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने अर्जुन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जबकि पिंटू को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद दोनों घायलों के परिजनों में चिंता का माहौल है।










