हाथरस 01 नवंबर। गोरखपुर में प्रतिष्ठित ‘बेस्ट क्लीन इनिशिएटिव अवॉर्ड’ से सम्मानित होने के बाद शहर के जाने-माने फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहित अग्निहोत्री का हाथरस में प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस उपलब्धि पर शहर के प्रबुद्ध लोगों ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. मोहित अग्निहोत्री को शुभकामनाएं देने वालों में मुख्य रूप से राजू वार्ष्णेय (एडवोकेट), देवदत्त सारस्वत, प्रहलाद सिंह चौहान, धर्मवीर सिंह गहलोत और अमर सिंह तोमर शामिल रहे। सभी ने डॉ. अग्निहोत्री की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे हाथरस जनपद के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां समाज और जनपद का मान बढ़ाती हैं।
इस अवसर पर डॉ. मोहित अग्निहोत्री की ओर से भी मुलाकात के लिए पहुंचे सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। उपस्थित गणमान्य लोगों को प्रतीक चिह्न भेंट किए गए तथा दुपट्टा और फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि की खुशी साझा की गई। कार्यक्रम में आपसी सौहार्द और उत्साह का माहौल रहा। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने डॉ. मोहित अग्निहोत्री को भविष्य में भी इसी तरह उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।










