हाथरस 1 नवंबर। कस्बा सासनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के क्रिकेट खिलाड़ियों का अलीगढ़ के ईडन पार्क में आयोजित सुपर किंग्स ट्राई-सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। जूनियर सुपर किंग्स के तत्वावधान में आयोजित तीन मैचों की इस सीरीज़ का पहला मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सीनियर सुपर किंग्स ने अनुराग कुमार की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत जूनियर सुपर किंग्स को दो विकेट से शिकस्त देकर विजयी शुरुआत की। अंतिम ओवर तक चले मुकाबले में अनुराग ने 58 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाकर अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस ट्राई-सीरीज़ की खास बात यह है कि इसमें भाग ले रहे सभी खिलाड़ी सासनी कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को अलीगढ़ के ईडन पार्क जैसे मैदान पर अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों की नीलामी के बाद दोनों टीमों का गठन किया गया। सीनियर सुपर किंग्स की कप्तानी चैतन्य देव भारद्वाज कर रहे हैं, जबकि जूनियर सुपर किंग्स की कमान आशु ठाकुर के हाथों में है।
पहले मुकाबले में सीनियर सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जूनियर सुपर किंग्स की टीम ने 19.4 ओवर में 165 रन बनाए। कप्तान आशु ठाकुर ने 28 गेंदों पर 30 रन और रौनक वार्ष्णेय ने 29 गेंदों पर 25 रन का योगदान दिया। वहीं मोहित रावत ने 16 गेंदों पर 24 रन और दीपक ने 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर तेजी से रन जोड़े। अंतिम ओवरों में ललित शर्मा और दीपक कौशिक ने 12-12 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सीनियर सुपर किंग्स की ओर से देविंदर उर्फ पंडित जी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 23 रन देकर चार विकेट हासिल किए। उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने जूनियर टीम के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। विकेट के पीछे रोहित माहेश्वरी ने भी शानदार विकेटकीपिंग का प्रदर्शन किया।
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीनियर सुपर किंग्स को अनुराग कुमार और आशीष कुमार ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने महज 4.3 ओवर में 44 रन जोड़ दिए। हालांकि इसके बाद जूनियर टीम के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए सीनियर टीम के बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। डॉ. प्रवीण शर्मा ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि ललित शर्मा उर्फ ललता ने चार ओवर में 21 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लगातार विकेट गिरने के बावजूद अनुराग कुमार ने एक छोर संभाले रखा और आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। मुकाबले का रोमांच अंतिम पांच ओवरों में चरम पर पहुंच गया। उस समय सीनियर टीम को जीत के लिए 42 रनों की जरूरत थी। दबाव की स्थिति में सुजल ठाकुर ने महज 13 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 21 रन बनाकर टीम की जीत की उम्मीदों को मजबूत किया। जूनियर टीम की ओर से उदित शर्मा ने भी लगातार दबाव बनाए रखा।
अंतिम ओवर में अनुराग कुमार ने गगनचुंबी छक्का जड़कर सीनियर सुपर किंग्स की जीत सुनिश्चित कर दी। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और पांच छक्के लगाए तथा 58 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए। सीनियर सुपर किंग्स ने 19.3 ओवर में आठ विकेट खोकर 166 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया और दो विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शानदार शतकीय पारी और एक विकेट लेने वाले अनुराग कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट कमेटी की ओर से उन्हें शील्ड तथा दीपक भैया की ओर से नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं दबाव के समय महत्वपूर्ण पारी खेलने वाले सुजल ठाकुर को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सासनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए यह ट्राई-सीरीज़ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच बन रही है। पहले ही मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया है। अब सभी की निगाहें सीरीज़ के आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं।










