सिकन्दराराऊ 1 नवंबर। नगला जलाल कपासिया मार्ग स्थित श्री राधा जी बैंक्विट हॉल में आयोजित रुद्राम्बिका महायज्ञ के अंतर्गत शुक्रवार को विधि-विधान के साथ यज्ञ मंडप में पूजा-अर्चना की गई। शनिवार से विशाल महायज्ञ का शुभारंभ होगा, जिसमें जनकल्याण की भावना से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ में आहुतियां अर्पित करेंगे। धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आयोजन के तहत 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से यज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु निर्धारित यज्ञ वस्त्र धारण कर विधि-विधान से आहुतियां देंगे। इसके लिए बैंक्विट हॉल के मैदान में विशाल यज्ञ मंडप तैयार किया गया है, जहां एक साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु अपनी बारी आने पर यज्ञ में आहुति अर्पित करेंगे।
शुक्रवार को यजमान उदय पुंडीर एवं उनकी पत्नी पूजा पुंडीर ने परिवार सहित यज्ञ मंडप में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं दोपहर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती जी महाराज ने भक्त ध्रुव की भक्ति और उनकी अटूट श्रद्धा का प्रसंग सुनाया। कथा सुनने के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने पूरी श्रद्धा और ध्यान के साथ कथा का श्रवण किया। कथा समापन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर संतोष पुंडीर बाबा, अशोक कुमार शर्मा, राजभान सिंह चौहान, धर्मेंद्र शर्मा, सुनील पंडित, सत्य प्रकाश चौहान, अजीत पुंडीर, ओमराज सिंह, मुनेश लता पुंडीर, जया पुंडीर, सरोज, संगीता पुंडीर एवं राजबाला सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।








